क्राइमदेश

ऊर्जा निगम की टीम पर लाठी-डंडों से बोला हमला, अभद्रता

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मंगलौर: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में बकाया बिजली बिल वसूलने गई ऊर्जा निगम की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम के साथ मारपीट और अभद्रता की गई। इसके अलावा कागजात छीनकर फाड़ डाले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मंगलौर कोतवाली के ग्राम मुंडलाना बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर मुंडलाना गांव में शिविर का आयोजन किया गया था। बकाया वसूली के दौरान गांव के ही रहने वाले बृजपाल पर निगम का बकाया था। इस पर निगम की टीम उसका कनेक्शन काटने के लिए गांव में पहुंची थी। ऊर्जा निगम के टीम के साथ बृजपाल और उसके कुछ साथियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जमकर गाली-गलौज हुई। साथ ही बिजली कनेक्शन नहीं काटने दिया गया। इसके बाद आरोपितों ने शिविर स्थल पर पूरी टीम को घेर लिया और जाने का मौका तक नहीं दिया। अवर अभियंता अशोक कुमार ने इस संबंध में बृजपाल को नामजद करते हुए सात-आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

कस्बे में लगातार जारी है बिजली कटौती: मंगलौर और देहात क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बिजली की अघोषित कटौती का सिलसिला जारी है। अघोषित कटौती से जहां सुबह के समय आमजन को अपने दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दोपहर के समय ऊर्जा से चलने वाले लघु उद्योग और अन्य कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। गुरुवार सुबह छह बजे से साढ़े आठ बजे तक विद्युत कटौती की गई। वही कस्बे और देहात सुबह दस बजे से दोपहर तक दोबारा से विद्युत कटौती की गई, जिसके कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता सौरभ भाटी ने बताया कि रोस्टिग कंट्रोल रूम से की जा रही है। बिजली घर पर सप्लाई होने के बाद कस्बे और देहात को बिजली की सप्लाई सुचारु रहती है।

 

 

Related Articles

Back to top button