
ऋषिकेश। भानियावाला के नुन्नावाला क्षेत्र में बंदरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बंदरों के झुंड क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं और घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं। बच्चों को भी हमला कर घायल कर रहे हैं। वन विभाग ने पिंजरे भी लगाए हैं, लेकिन बंदर इसमें फंस नहीं रहे हैं।
नगर पालिका के वार्ड दो भानियावाला आर्यनगर क्षेत्र में बीते मई माह में उत्पाती बंदरों ने हमला कर कई महिलाओं को घायल कर दिया था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर विधायक बृजभूषण गैरोला के निर्देश पर बीते 13 जून को वन विभाग ने वार्ड दो क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया। समाजसेवी रामकिशन ने बताया पिंजरा लगने के छह दिन बाद भी बंदर पकड़ में नहीं आए हैं। वन विभाग को इसके लिए कुछ अन्य प्रयास करने चाहिए। वन क्षेत्राधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि लोगों से अनुरोध किया जा रहा है कि बंदरों को सड़कों पर खाद्य सामग्री न दें। यदि बंदर पिंजरे में नहीं आए हैं तो दूसरी व्यवस्थाओं पर विचार किया जाएगा।




