उत्तराखंड समाचार

पार्षदों ने महापौर के खिलाफ खोला मोर्चा, नारेबाजी

नगर निगम रुड़की की राजनीति दिन-प्रतिदिन गर्माती जा रही है।

रुड़की: नगर निगम रुड़की की राजनीति दिन-प्रतिदिन गर्माती जा रही है। महापौर गौरव गोयल के वायरल आडियो की आवाज का फोरेंसिक जांच में मिलान होने के बाद से राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है। विरोधी पार्षदों ने इस मामले में शुक्रवार को नगर निगम पहुंचकर बैठक की। इसके बाद महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही इस्तीफा ना देने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी गई। इतना ही नहीं पार्षदों ने नगर निगम की दीवार पर बने महापौर के चित्र पर कालिख भी पोत दी।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम की एक लीज संपत्ति से जुड़े विवाद के मामले में जनवरी 2022 में एक आडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसमें सुबोध गुप्ता नामक व्यक्ति की लीज संपत्ति का नवीनीकरण करने के लिए 25 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। आडियो में महापौर गौरव गोयल की आवाज बताई गई। इसके बाद सुबोध गुप्ता ने महापौर के खिलाफ 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर मामले में जांच शुरू की थी। इसके बाद जांच अधिकारी की ओर से महापौर के बयान दर्ज किए गए। साथ ही कोर्ट के आदेश पर महापौर के वायस सैंपल जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे गए थे। जांच अधिकारी संजय नेगी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में महापौर की आवाज से वायस सैंपल को मिलता-जुलता बताया गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

महापौर विरोधी पार्षदों ने फिर से मोर्चा खोल दिया है। पार्षद विवेक चौधरी, राकेश गर्ग, धीरज पाल, नितिन त्यागी, शक्ति राणा, आशीष अग्रवाल आदि ने नगर निगम सभागार में बैठक की। पार्षदों का कहना था कि यह साबित हो गया है कि महापौर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया के सामने महापौर ने एक बयान दिया था, जिसमें कहा था कि आडियो में उनकी आवाज है, यदि यह साबित हो गया तो वह इस्तीफा दे देंगे। ऐसे में अब महापौर को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। पार्षद शक्ति राणा ने कहा कि अगर गौरव गोयल इस्तीफा नहीं देते तो सभी पार्षद सामूहिक इस्तीफा देंगे। पार्षद पति जेपी शर्मा, हरीश शर्मा आदि ने भाजपा हाईकमान से गौरव गोयल को पार्टी से बाहर करने की मांग की। इस दौरान पार्षदों ने महापौर गौरव गोयल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पार्षद नारेबाजी करते हुए बाहर आ गए। कांग्रेस पार्षद आशीष अग्रवाल ने निगम की दीवार पर मुख्यमंत्री समेत विभिन्न राजनेताओं के साथ बनाई गई महापौर की तस्वीर पर कालिख पोत दी।

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581