सेवा संकल्प अभियान के तहत किया जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
सांस्कृतिक दलों के माध्यम से आमजन को दी जा रही योजनाओं की जानकारी

रुद्रप्रयाग,19 सितम्बर। शासन एवं जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला सूचना विभाग द्वारा जनपद के तीनों विकासखंडों के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गीत-नाट्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रचार वाहनों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
अभियान के तहत जिला सूचना विभाग में पंजीकृत छह सांस्कृतिक दलों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नुक्कड़ नाटकों, गीतों, लोकगीतों एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। सांस्कृतिक दलों द्वारा स्थानीय भाषा एवं सरल संवाद शैली का प्रयोग करते हुए योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता तथा उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इसके साथ ही विभाग द्वारा प्रचार वाहनों के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रचार वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों की लाभकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के तीनों विकासखंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला सूचना विभाग में पंजीकृत छह सांस्कृतिक दलों को विभिन्न क्षेत्रों में भेजकर गीत-नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को योजनाओं को समझने में आसानी हो और वे पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठा सकें। जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि सूचना एवं जागरूकता के अभाव में कई बार पात्र लोग सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सूचना विभाग द्वारा विभिन्न माध्यमों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




