उत्तराखंड समाचार

56 लाख हड़पने पर कंपनी मालिक व अधिकारियों पर मुकदमा

रकम मांगने पर गाली-गलौच करते हुए धमकी दी।

हरिद्वार: सिडकुल की एक कंपनी के मालिक और अधिकारियों ने मिलकर दूसरे कंपनी मालिक के 56 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद देनदारों की आंखों में धूल झोंकने के लिए कंपनी का नाम ही बदल डाला। रकम मांगने पर गाली-गलौच करते हुए धमकी दी। पुलिस ने मुंबई निवासी कंपनी मालिक व अधिकारियों पर आपराधिक षड़यंत्र, धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एपी रबर इंडस्ट्रीज के मालिक अरविद सिंह ने रबड़ का पा‌र्ट्स बनाते हैं। उन्होंने तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी सिडकुल के सेक्टर तीन स्थित प्रिस इंडस्ट्रीज को माल सप्लाई करती थी। नियमानुसार आर्डर मिलने पर 45 दिन के भीतर कंपनी को भुगतान करना था। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर हर्षव‌र्द्धन और पीयूष चेड़ा, वाइस प्रेसिडेंट शशांक चतुर्वेदी और परचेज मैनेजर केतन जैन ने आपराधिक षड़यंत्र रचते हुए अलग-अलग किश्तों को मिलाकर कुल 56 लाख रुपये की रकम अदा नहीं की। बाद में धोखाधड़ी की नीयत से अपनी कंपनी को बंद दिखा दिया। ताकि पुराने बकायेदारों को भुगतान न करना पड़े। कुछ समय पहले पता चला कि आरोपितों ने अपनी कंपनी की मशीनों को अपने परिचित को देकर सर्वश्री इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री चालू कर ली और खुद उसका माल मार्केट में बेच रहे हैं। बताया कि वह अपनी बकाया रकम मांगने के लिए कंपनी के दफ्तर मुंबई गए। कई बार फोन पर भी बातचीत हुई, लेकिन आरोपितों ने अभद्रता की और रकम लौटाने से इन्कार करते हुए गाली-गलौच व धमकी दी। अरविद सिंह ने आरोपितों से अपनी जान-माल का खतरा भी जताया है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी अरविद रतूड़ी को सौंपी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

 

Related Articles

Back to top button