उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड में पांव फैलाने लगा कोरोना, आईआईएम के तीन छात्रों समेत पांच लोग कोरोना पॉजिटिव

IIM काशीपुर की दो छात्राओं और एक छात्र समेत पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आईआईएम के सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ की सैंपलिंग शुरू कर दी है। काशीपुर में जुलाई में आरटीपीसीआर टेस्ट में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद से क्षेत्र में संक्रमण का प्रकोप थम सा गया था। साथ ही लोगों की दिनचर्या पर सामान्य होने लगी थी। लंबे समय से काशीपुर में शांत पड़े कोरोना ने एक बार फिर अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं।

कोरोना नोडल अधिकारी डॉ.अमरजीत साहनी ने कहा कि 29 दिसंबर को मोहल्ला कटोराताल क्षेत्र निवासी और आईआईएम का एक 21 वर्षीय छात्र संक्रमित पाया गया था। जबकि 30 दिसंबर को आईआईएम की एक जमशेदपुर और दूसरी गाजियाबाद निवासी दो छात्राएं भी संक्रमित मिली हैं। इधर, सैनिक कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय एक महिला और माता मंदिर रोड निवासी 55 वर्षीय एक पुरुष में भी संक्रमण की पुष्टि हुई। ट्रैवल हिस्ट्री जांच में पता चला है 55 वर्षीय व्यक्ति कुछ दिन पूर्व दिल्ली से आये थे। सैनिक कॉलोनी निवासी महिला और माता मंदिर रोड निवासी एक व्यक्ति के परिजनों और आसपास रहने वालों की भी सैंपलिंग की जा रही है।

आईआईएम काशीपुर में बना कंटेनमेंट जोन

कोरोना नोडल अधिकारी डॉ.अमरजीत साहनी ने कहा कि काशीपुर आईआईएम में सभी छात्रों और स्टाफ की सैंपलिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग टीम को भेजा है। आईआईएम के हॉस्टल के 50 कमरों और 110 छात्राओं को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है।

काशीपुर के सीएमएस डॉ. पीके सिन्हा ने बताया, जिन छात्र-छात्राओं, महिला और पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं, उनकी जांच हल्द्वानी से अब देहरादून लैब जीनोम टेस्ट के लिए भेजी जा रही है। उसके बाद ही साफ होगा इन कोरोना संक्रमितों में ओमीक्रोन वैरिएंट तो मौजूद नहीं है।

सितारगंज में मिले दो कोरोना संक्रमित

एसएसबी में एक जवान कोरोना संक्रमित मिला है। बताया जा रहा है जवान अवकाश से वापस लौटा है। पीएमएस डॉ.राजेश आर्य ने कहा कि एसएसबी परिसर में आरटीपीसीआर सैंपलिंग की जायेगी। इधर, पावर ग्रिड परिसर में 20 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। यह युवक हाल में दुबई से लौटा है। डॉ. राजेश आर्य के अनुसार, युवक को आइसोलेट किया है। ओमीक्रोन की जांच के लिए विभाग सैंपल ले रहा है। एसडीएम को पत्र लिखकर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए लिखा है। पावर ग्रिड परिसर में सैंपलिंग की जा रही है।

 
 

Source

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581