उत्तराखंड समाचार

यात्रा मार्गों पर नियुक्त होने वाले पुलिस बल को दिया जा रहा प्रशिक्षण

ड्यूटी के दौरान आप लोगों द्वारा भी खाकी धारण कर ली जाती है, ऐसे में बाहर से आने वाले यात्री के लिए भी आप पुलिस ही हो।

रुद्रप्रयाग, 28 फरवरी। इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग डॉ विशाखा अशोक भदाणे द्वारा यात्रा पड़ावों सहित विभिन्न प्रकार की ड्यूटियों में नियुक्त होने वाले पुलिस कार्मिकों सहित सहवर्ती पुलिस बल पीआरडी जवानों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। इस वर्ष के यात्रा काल अवधि के प्रारम्भिक चरण में कुल 200 पीआरडी जवान पुलिस बल के साथ यात्रा व्यवस्थाओं सम्बन्धी ड्यूटियों में नियुक्त रहेंगे। 50-50 जवानों के समूह में पीआरडी जवानों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में प्रारम्भ हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान पीआरडी जवानों को आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार, मानव व्यवहार, विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता, उनके आचरण, पुलिसिंग सम्बन्धी व्यवहारिक जानकारी, आपात स्थिति में राहत बचाव कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण प्रारम्भ करते हुए पुलिस उपाधीक्षक, रुद्रप्रयाग श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल द्वारा उपस्थित जवानों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा गया कि आप लोग श्री केदारनाथ धाम की यात्रा से परिचित ही हैं, जहां ड्यूटी के दौरान आप लोगों द्वारा भी खाकी धारण कर ली जाती है, ऐसे में बाहर से आने वाले यात्री के लिए भी आप पुलिस ही हो। इसलिए आपको यात्रा अवधि में पुलिस कार्मिकों की भांति अनुशासन में रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है। गत वर्ष के अनुभव को देखा जाये तो तकरीबन 16 लाख के आसपास यात्री श्री केदारनाथ धाम आये थे। ऐसे में इस वर्ष भी प्रति दिवस आने वाले यात्रियों की संख्या काफी रहेगी। जो भी यात्री जनपद की केदारघाटी में पहुंचता है, यहां की परिस्थितियां सामान्यतः उसके लिए प्रतिकूल ही होती हैं। ऐसे में वह पुलिस या आपसे सहयोग की अपेक्षा रखता है। इस हेतु आपको यात्रियों की हर सम्भव मदद के लिए तैयार रहना है। वर्दीधारी होने के साथ ही हम लोग भी इन्सान हैं, और एक इन्सान को दूसरे इन्सान की मदद करना नितान्त आवश्यक है। दूर-दराज से आया व्यक्ति आपसे कुछ अपेक्षायें रखता है, क्योंकि उसे यहां की भौगोलिक व विषम परिस्थितियों की आदत नहीं होती। हो सकता है कि वह यहां की परिस्थितियों से परेशान हो, सम्भव है कि फ्रस्टेट भी हो। हमें उसके फ्रस्टेशन का जवाब उसी की भाषा में न देकर प्यार प्रेम से बात कर उसके द्वारा पूछी जा रही आवश्यक जानकारी प्रदान करनी है। यदि आपको जानकारी नहीं है तो सम्भव हो सके उसे सक्षम अधिकारी का नम्बर दे दें। यह भी निर्देश दिये गये कि ड्यूटी पर नियुक्त होने वाले हर जवान को केदारनाथ धाम व वहां तक पहुंचने के मार्ग, मौसम इत्यादि की जानकारी भी होनी चाहिए। आने वाले श्रद्धालु को मौसमानुरूप कपड़े, बरसाती इत्यादि ले जाने के सम्बन्ध में जानकारी दी जानी चाहिए। प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन श्री गणेश लाल द्वारा उपस्थित जवानों को भीड़ प्रबन्धन के सम्बन्ध में बुनियादी जानकारी दी गयी। एसडीआरएफ के द्वारा आपदा प्रबन्धन एवं आपदा उपकरणों की व्यवहारिक जानकारी दी गयी। जनपद रुद्रप्रयाग में पीआरडी जवानों हेतु व्यवहारिक प्रशिक्षण आज से प्रारम्भ होकर आगामी 02 मार्च तक दिया जायेगा। तत्पश्चात यात्रा में नियुक्त होने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान कराया जायेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button