विधान सभा अध्यक्ष सहित मुख्य मंत्री ने किया कंजिका पूजन
पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर मे नवमी तिथि में हुआ कंजिका पूजन

देहरादून। श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर में आज मां भगवती की पूजा अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर देहरादून में आज लगभग 51 कन्याओं का पूजन दिगंबर दिनेश पुरी के पावन सानिध्य में किया गया। महानवमी पर देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था, इसलिए इन्हें महिषासुर मर्दिनी कहा जाता है। कहते हैं नवमी पर माता की पूजा, मंत्र जाप, हवन करने से सौभाग्य की प्राप्ति होती है। कमल पर विराजमान देवी सिद्धिदात्री की चार भुजाएं हैं, जिसमें गदा, कमल, शंख और सुदर्शन चक्र विद्यमान है। मान्यता है कि मां दुर्गा की नौवी शक्ति देवी सिद्धिदात्री की पूर्ण श्रृद्धा से आराधना करने पर अष्ट सिद्धि और नव निधि, बुद्धि और विवेक की प्राप्ति होती है। गंधर्व, किन्नर, नाग, यक्ष, देवी-देवता और मनुष्य सभी इनकी कृपा से सिद्धियों को प्राप्त करते हैं। मां सिद्धिदात्री अपने नाम स्वरूप अष्ट सिद्धियां (अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व और वशित्व) प्रदान करने वाली देवी मानी गईं हैं। नवरात्रि की नवमी की पूजा में देवी सिद्धिदात्री को नौ कमल के फूल या सिर्फ चंपा के पुष्प भी अर्पित करते हैं।
वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने देहरादून स्थित अपने शासकीय आवास पर शारदीय नवरात्र की नवमी की शुभ पर्व पर विधि-विधान से कन्या-पूजन किया। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने आदि शक्ति भगवती के उपासना पर्व नवमी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सुख समृद्धि की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष ने यज्ञ हवन कर देवी का अनुष्ठान किया उसके उपरांत नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं को भोजन करा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां भगवती के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं, एक बटुक भैरव के पांव पखारकर पहले पूजा-अर्चना की, उसके बाद अपने हाथों से भोजन कराकर दक्षिणा के साथ उनकी विदाई की. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मातृशक्ति की आराधना हमारे देश की संस्कृति है। इसीलिए नवरात्र के नवें दिन कन्या पूजन का विधान है। उन्होंने नवदुर्गा से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को शारदीय नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विधि विधान से कन्या पूजन किया। उन्होंने नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं को भोजन कराया। मुख्यमंत्री ने निर्मल बुद्धि एवं अष्ट सिद्धियों की प्रदाता माँ सिद्धिदात्री से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना भी की।