उत्तराखंड समाचारक्राइम

करोड़ों के गबन में आरोपित प्रधान सहायक के घर कुर्की

एक साल से अधिक समय बाद भी पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

लक्सर: जल संस्थान में 1.72 करोड़ के गबन के मामले में आरोपित तत्कालीन प्रधान सहायक के घर की एक साल बाद पुलिस ने कुर्की की है। एक साल से अधिक समय बाद भी पुलिस आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

जल संस्थान की लक्सर डिवीजन के तत्कालीन सहायक अभियंता राजेश कुमार की ओर से जनवरी 2021 में लक्सर कोतवाली स्थित डिवीजन में प्रधान सहायक के पद पर तैनात बिदर कुमार निवासी मिरगपुर थाना देवबंद जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमे में बताया गया था कि जल संस्थान कार्यालय लक्सर में तैनाती के दौरान बिदर कुमार के पास लक्सर के अलावा लंढौरा, मंगलौर, भगवानपुर आदि डिवीजन की भी जिम्मेदारी थी। बिदर कुमार ने इस दौरान जल मूल्य के रूप में उपभोक्ताओं से वसूले गए एक करोड़ 72 लाख 16 हजार एक सौ रुपये की धनराशि को विभाग के बैंक खातों में जमा कराने के बजाय धनराशि का गबन कर लिया था। विभागीय खातों में जमा धनराशि और उपभोक्ताओं से प्राप्त बिलों में भारी अंतर पाए जाने पर विभाग की ओर से मामले की गहनता से जांच कराई गई तो गबन का खुलासा हुआ। बताया गया कि विभाग की ओर से जवाब तलब करने के साथ ही नोटिस जारी किए जाने पर बिदर कुमार ने अपनी गलती स्वीकारते हुए गबन की गई धनराशि में से 7.50 लाख रुपये विभाग के खाते में जमा करा दी थी। लेकिन, शेष एक करोड़ 64 लाख 66 हजार 100 रुपये उसने विभाग को वापस नहीं किए। इसके बाद आरोपित प्रधान सहायक को सस्पेंड कर दिया गया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी, लेकिन एक साल से अधिक का समय बीतने के बाद भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। बताया गया है कि सांठगांठ एवं अपने प्रभाव के चलते आरोपित एक साल बाद तक भी गिरफ्तारी से बचा चला आ रहा है। मामले की जांच कर रहे लक्सर कोतवाली के एसएसआइ मनोज सिरोला का कहना है कि आरोपित की तलाश में ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। इस पर पुलिस ने आरोपित की कुर्की के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। दो माह पहले कुर्की की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत आरोपित के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया था। अब न्यायालय से कुर्की के आदेश मिलने पर सोमवार को आरोपित के घर के समान की कुर्की कर ली गई है। एसएसआइ मनोज सिरोला ने बताया कि आरोपित के घर की कुर्की कर सामान को लक्सर कोतवाली में जमा कराया गया है।

 

 

 

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581