दो दिवसीय जनपद स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का समापन
विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया

पौड़ी। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का समापन हो गया। महोत्सव में लोक नृत्य, कविता लेखन, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पौड़ी की अध्यक्ष हिमानी नेगी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
लोक नृत्य प्रतियोगिता में थलीसैंण प्रथम, बीरोंखाल द्वितीय और खिर्सू तृतीय स्थान पर रहा। कविता लेखन में बीरोंखाल प्रथम, कोट द्वितीय और पौड़ी तृतीय स्थान पर रहा। चित्रकला में कल्जीखाल के सुमित प्रथम, पौड़ी की खुशबू द्वितीय और कोट की विदुषी तृतीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक में पोखड़ा प्रथम, बीरोंखाल द्वितीय और एकेश्वर तृतीय स्थान पर रहा। लोकगीत में पाबौ प्रथम, द्वारीखाल द्वितीय और पोखड़ा तृतीय स्थान पर रहा। भाषण प्रतियोगिता में संजना प्रथम, तापोसी किंगर द्वितीय और पारस रावत तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि हिमानी नेगी ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन और लोक संस्कृति से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें अपनी कला, रचनात्मकता और कौशल निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान सिंह गुसाईं सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया।



