आपका शहरउत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरदेशदेहरादूनन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

नोटिसों से व्यापारियों में चिंता, 185 दुकानदारों की आजीविका पर संकट

देहरादून, 25 अक्टूबर। देहरादून में रिहायशी क्षेत्रों में संचालित दुकानों को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से नोटिस जारी किए जाने के विरोध में दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने आवाज उठाई है। व्यापारियों ने इस कार्रवाई पर चिंता जताते हुए राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के उत्तराखंड सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज कुमार मेंसोन को ज्ञापन सौंपकर राहत दिलाने की मांग की।

व्यापारियों के अनुसार, केदारपुरम में करीब 120 और डालनवाला में 65 दुकानदारों को नोटिस मिले हैं। उनका कहना है कि कई दुकानें पिछले 10 से 20 वर्षों से संचालित हैं। दुकानदारों ने इनमें लाखों रुपये का निवेश किया है। कार्रवाई से करीब 185 दुकानदारों और उनके कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। व्यापारियों ने रोजगार, आर्थिक नुकसान और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई। पंकज कुमार मेंसोन ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखने और समस्या के समाधान के लिए वार्ता करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल देहरादून तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेशभर के व्यापारियों की आजीविका से जुड़ा है। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया।

 

 

Related Articles

Back to top button