उत्तराखंड समाचार

वाहन सीज करने पर हंगामा, बीटीगंज पुलिस पर गंभीर आरोप

पुलिस के साथ पहले सड़क और फिर चौकी के अंदर जमकर नोकझोंक हुई।

रुड़की: बीटी गंज पुलिस के वाहन सीज करने पर युवक के स्वजन भड़क गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस के साथ पहले सड़क और फिर चौकी के अंदर जमकर नोकझोंक हुई। युवक के स्वजन ने आरोप लगाया कि युवक के पास डीएल समेत सभी कागजात थे। इसके बावजूद पुलिस ने गलत कार्रवाई की है। नोकझोंक और हंगामे का वीडियो किसी ने इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल कर दिया।

बीटी गंज पुलिस चौकी के प्रभारी संदीप चौहान और अन्य पुलिसकर्मी बुधवार की शाम चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक की बाइक को सीज कर दिया। पुलिस का आरोप था कि युवक वाहन चलाते हुए फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच युवक ने फोन करके अपने स्वजन को मौके पर बुला लिया। बीटी गंज पुलिस चौकी के बाहर स्वजन हंगामा करने लगे। मौके पर काफी भीड़ लग गई। स्वजन का कहना था कि युवक के पास वाहन की आरसी, डीएल था। साथ ही उसने हेलमेट लगा रखा था। इसके बावजूद पुलिस ने झूठा आरोप लगाते हुए यह कार्रवाई की है। स्वजन का कहना था कि गलियों के अंदर चेकिग के लिए पुलिस अधिकारियों ने भी मना कर रखा है। इसके बावजूद पुलिस इस तरह की कार्रवाई कर रही है। कुछ देर बाद दोनों पक्ष बीटी गंज पुलिस चौकी पहुंच गए। यहां पर भी जमकर हंगामा हुआ। फेसबुक पर भी लोग ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर टिप्पणी की। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल का कहना था कि पुलिस ने सही कार्रवाई की है। लेकिन, स्वजन बेकार में हंगामा कर रहे थे।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button