क्राइम

तमिलनाडु: 6 दिन की बच्ची को दफना कर माता-पिता हो गए गायब, हत्या की आशंका; केस दर्ज

तमिलनाडु में 6 दिन की एक बच्ची की मौत के बाद उसके माता-पिता की तलाश की जा रही है। आशंका है कि कपल ने इस नवजात की हत्या की है। मामला पेरमबलूर जिले के पेरायूर की है। बच्ची के माता-पिता अपनी 2 बेटियों के साथ गायब हो गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस नवजात की मौत की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के मुताबिक यह मामला सोमवार को उस वक्त सामने में आया जब स्थानीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने संदेहास्पद परिस्थितियों में नवजात की मौत को लेकर आशंका जाहिर की। बताया जा रहा है कि इस मौत के बाद 30 साल का ओ मुत्थुपंडी और 23 साल की उसकी पत्नी कौशल्या अपनी चार और छह साल की बच्चियों के साथ लापता हो गए हैं। मुत्थुपंडी पेशे से मजदूर बताया जा रहा है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया है कि 21 दिसंबर को कौशल्या ने सेदापट्टी प्रथामिक स्वास्थ्य केंद्र में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद गांव की एक हेल्थ नर्स मां और बच्ची के स्वास्थ्य जांच के लिए उनके घर 26 दिसंबर को पहुंची थीं। यहां उन्हें नवजात बच्ची नहीं मिली। कपल ने नर्स को बताया कि नवजात की अचानक मौत हो गई और उनलोगों ने उसे अपने घर के सामने दफना दिया। 

इसके बाद यह कपल अचानक अपनी दोनों बेटियों को लेकर लापता हो गए। अब पुलिस मुत्थुपंडी के पिता ओछू से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मंगलवार को उस जगह का भी पता लगा लिया जहां बच्ची को दफनाया गया था। अब पुलिस बच्ची के शव को निकाल कर मौत के कारणों की जांच के लिए पोस्टमार्टम करवा सकती है।

यहां के पुलिस अधीक्षक वाओ मुनियांडी ने कहा, ‘इस मामले में कपल के खिलाफ सोमवार को शिकायत दर्ज करवाई गई है। मामले में धारा 318 के तहत केस दर्ज किया गया है। हम अभी यह नहीं कह सकते हैं कि यह शिशु की हत्या का मामला है। जांच के बाद तथ्य सामने आएंगे।’

Source

Related Articles

Back to top button