उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरें

केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर अहम बैठक संपन्न

रुद्रप्रयाग, 26 मार्च। आगामी चारधाम यात्रा के तहत श्री केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर केदारनाथ विधायक श्रीमति आशा नौटियाल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के साथ ही स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, पूर्ति एवं अन्य विभागीय अधिकारियों सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विकास खंड सभागार ऊखीमठ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही केदारनाथ की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना सुनिश्चित करे, ताकि श्री केदारनाथ यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों, व्यापार संगठन, होटल व्यवसायियों से श्री केदारनाथ यात्रा को लेकर सुझाव मांगे। उन्होंने बैठक में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न वर्ग के प्रतिनिधियों से पूर्व में संचालित यात्रा का फीडबैक भी लिया। साथ ही सफल यात्रा संचालन में सभी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। बैठक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने यात्रा मार्ग की सड़कों, पैदल मार्ग, बिजली और पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। यात्रियों के लिए पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम को और अधिक मजबूत करने तथा समूचे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने यात्रा रूट पर मोटर मार्गों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सड़क व पैदल मार्ग को आगमी 15 अप्रैल तक पूर्ण रूप से दुरूस्त करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा की अवधि में जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन सहित खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित हो। साथ ही कामर्शियल गैस सिलेंडरों की औसतन खपत का अनुमान उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा श्री केदारनाथ पैदल मार्ग में अवस्थित स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक उपकरण, मैन पावर की तैनाती व अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा पैदल यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य परीक्षण व अन्य व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। वहीं यात्रा मार्ग में पेयजल, विद्युत, शौचालय, शटल सेवा, सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा के दृष्टिगत आज आयोजित बैठक को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, उप ज़िलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली सहित अन्य विभागीय अधिकारी, केदार सभा, होटल एसोसिएशन, घोड़े-खच्चर यूनियन, डंडी-कंडी समिति, व्यापार संघ ऊखीमठ, गुप्तकाशी, गौरीकुंड व केदारनाथ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button