यातायात कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण, जारी हुये आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना एवं यातायात उपनिरीक्षक दिगम्बर उनियाल उपस्थित रहे।

चमोली। आज पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग, यातायात त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा यातायात कार्यालय चमोली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की समग्र कार्यप्रणाली, रजिस्टरों एवं अभिलेखों की स्थिति का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दस्तावेज़ों को पूर्णत: अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए तथा अभिलेखों में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विवरणों का समय-समय पर अद्यतन किया जाना अनिवार्य है।
इस दौरान ट्रैफिक नियंत्रण उपकरणों एवं सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता और उपयोगिता की भी जांच की गई तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करने दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय एवं यातायात निदेशालय द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनपद में अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया और कहा कि जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए जनसहभागिता और निरंतर जागरूकता बेहद आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना एवं यातायात उपनिरीक्षक दिगम्बर उनियाल उपस्थित रहे।




