Uncategorized

लता मंगेशकर भारत के लिए मां सरस्वती का अमूल्य वरदान थीं।

राज्य सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है

नई दिल्ली। भारत रत्न से सम्मानित दिग्गज गायिका लता मंगेशकर का आज 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रविवार सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली। लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12:30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। राज्य सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनकी मौत का कारण मल्टी ऑर्गेन फेलियर बताया जा रहा है। पिछले 29 दिनों से वो कोरोना से जंग लड़ रही थीं। भारतीय सिनेमा की लीजेंड्री गायिका लता मंगेशकर लगभग 29 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल की आईसीयू में भर्ती थीं। शनिवार को 92 वर्षीय गायिका की तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी थी। भारत रत्न दिग्गज गायिका को 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शुरुआत में कोरोना के हल्के लक्षण देखे गये थे, मगर उम्र और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उन्हें आईसीयू में ही रखा गया था।

भारत रत्न और बालीवुड की लेजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘भारत रत्न, लता-जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।’ वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लता दीदी देश में एक खालीपन छोड़ गई हैं, जिसे भरा नहीं जा सकता है। पीएम ने कहा कि उनके निधन से मैं पीड़ा में हूं। प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और सिंगर के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, लता दीदी के गानों ने कई तरह की भावनाओं को उभारा है। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि देश की शान लता मंगेशकर जी का जाना अपूरणीय क्षति है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। केंद्रीय मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘लता दीदी प्रखर देशभक्त थी। स्वातंत्र्यवीर सावरकर जी की विचारधारा पर उनकी हमेशा ही दृढ़ श्रद्धा रही है। उनका जीवन अनेक उपलब्धियों से भरा रहा है। लता जी हमेशा ही अच्छे कामों के लिए हम सभी को प्रेरणा देती रही हैं। भारतीय संगीत में उनका योगदान अतुलनीय है।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लता मंगेशकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा, उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा, संगीत जगत में महान गायिका के योगदान को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी लता मंगेशकर निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है। यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें। लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति!’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लता मंगेशकर के निधन पर कहा, ‘लता दीदी आपके बिना इस देश के गीत और संगीत सूने हैं। आपकी कमी कभी कोई पूरा नहीं कर सकता है। गीत संगीत की देवी मानकर हमेशा आपकी पूजा करते रहेंगे। लता दीदी के चरणों में विनम्र प्रणाम।’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, मैं ‘स्वारकोकिला’ भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता हूं। उनके गीतों ने दुनिया भर के लोगों को भाषा की बाधाओं को तोड़ते हुए भारत से जोड़ा। उनका निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button