उत्तराखंड में बाल विवाह के खिलाफ बढ़ी सामुदायिक भागीदारी
बाल विवाह उन्मूलन के लिए 4,29,571 लोगों ने ली शपथ

देहरादून। पांच करोड़ से अधिक लोगों ने पहली बार मनाए गए ‘बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर बाल विवाह खत्म करने का संकल्प लिया। इस अभूतपूर्व देशव्यापी मुहिम की अगुवाई पांच लाख से अधिक महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह का दंश झेल चुकी बेटियों ने की। कहीं मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकाले गए, तो कहीं प्रभात फेरियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को इस कुप्रथा के खिलाफ एकजुट किया गया। अभियान उन 1.33 लाख संवेदनशील गांवों तक भी पहुंचा, जहां बाल विवाह के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं। इन गांवों में भी विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। उत्तराखंड के 1,550 गांवों में 5,155 महिला नेतृत्वकर्ताओं ने अभियान की अगुवाई करते हुए 4,29,571 लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। इन कार्यक्रमों का आयोजन बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले भारत के सबसे बड़े नागरिक समाज संगठनों के नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) और उसके सहयोगी संगठनों ने किया। अंतरराष्ट्रीय दिवस के लिए 27 नवंबर की तारीख का चुना जाना वैश्विक स्तर पर भारत की एक उपलब्धि है। इसी दिन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान शुरू किया था। पिछले दो साल से सरकार लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करने के लिए खास अभियान चला रही है। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन देशभर में लोगों के बीच काम करके इन कोशिशों में सरकार का सहयोग कर रहा है। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन ने देश के सभी 782 जिलों में अपने 300 से अधिक सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर पिछले तीन वर्षों में 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में 6 सहयोगी संगठनों के साथ काम करते हुए जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन ने इसी अवधि में राज्य में 3,165 बाल विवाह रुकवाने में अहम भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के अनुसार वर्ष 2019-21 और 2023-24 के बीच उत्तराखंड में बाल विवाह की दर में 1.6 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह गिरावट 3.2 प्रतिशत रही। वहीं, सरकार के लक्ष्य के अनुरूप वर्ष 2026 में बाल विवाह के मामलों में 10 प्रतिशत की कमी आ जाएगी। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा, बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस पूरी मानवता के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। भारत से शुरू हुआ यह अभियान, जिसका नेतृत्व हमारी बहनों, बेटियों और माताओं ने किया, आज पूरी दुनिया के लिए एक सामूहिक आह्वान बन चुका है। बाल विवाह बच्चों के साथ बलात्कार है और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं हो सकती। पांच लाख से अधिक बाल विवाह से उबर चुकी बेटियों और महिला नेतृत्वकर्ताओं की अगुवाई में चले इस आंदोलन ने 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाकर यह साबित किया है कि बदलाव संभव है। अब हर देश को निर्णायक कदम उठाने होंगे, ताकि 2030 तक दुनिया को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सके।”बाल विवाह को खत्म करने के लिए एक अलग अंतरराष्ट्रीय दिवस तय करने की अपील सबसे पहले भुवन ऋभु ने की थी। मार्च 2026 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर अपनी बात रखते हुए यह अपील दोहराई। इसके बाद भारत समेत 84 देशों ने मिलकर प्रस्ताव रखा। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को सबकी सहमति से इसे मंजूरी दी और 27 नवंबर को बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस को मान्यता प्रदान की गई।
इस दिन अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में बाल विवाह झेल चुकी महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी कहानियां सुनाईं। उनकी हिम्मत और अपने फैसले पर डटे रहने की कहानियों से लड़कियों और उनके परिवारों को प्रेरित किया। अलग-अलग धर्मों के धर्मगुरुओं ने भी मिलकर बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। हलवाइयों, कैटरर्स, सजावट करने वालों, बैंड-बाजे और संगीत का इंतजाम करने वालों, टेंट लगाने वालों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस के मालिकों ने भी शपथ ली। उन्होंने कहा कि वे किसी बाल विवाह में शामिल नहीं होंगे और कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिली तो तुरंत अधिकारियों को बताएंगे। इस मौके पर बाल विवाह मुक्ति रथों को भी रवाना किया गया। ये रथ अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक करेंगे। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन ने केंद्र और राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों तथा अन्य एजेंसियों के सहयोग से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया। इनमें सांसदों, विधायकों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। राज्य के ताजा आंकड़े भी जमीनी स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों और अन्य पहलों के सकारात्मक परिणामों की तस्दीक करते हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-6, 2023-24 के अनुसार, उत्तराखंड में 20 से 24 वर्ष की आयु की 8.2 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की उम्र से पहले हुआ था। एनएफएचएस-5, 2019-21 में यह आंकड़ा 9.8 प्रतिशत था। वहीं, एनएफएचएस-6 के अनुसार देश में 20 से 24 वर्ष की आयु की 20.1 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष से पहले हुआ था, जबकि एनएफएचएस-5 में यह आंकड़ा 23.3 प्रतिशत था। वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने की वैश्विक प्रतिबद्धता सतत विकास लक्ष्य-5 (लैंगिक समानता) के लक्ष्य 5.3 के अनुरूप है। इस लक्ष्य के तहत बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह सहित सभी हानिकारक प्रथाओं को समाप्त करने का आह्वान किया गया है।



