उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारऋषिकेशखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनसोशल मीडिया वायरल

1 नवम्बर को नई दिल्ली में आयोजित होगी कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली

‘‘वोट की रक्षा-संविधान की रक्षा, संविधान की रक्षा-लोकतंत्र की रक्षा’’ : राजीव महर्षि

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 29 अक्टूबर। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने राजधानी देहरादून में मीडिया कर्मियों से वार्ता करते हुये कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 1 नवम्बर को देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाली विशाल ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में उत्तराखण्ड प्रदेश के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक रैली में उत्तराखण्ड के सभी जनपदों से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायकगण, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित पार्टी के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। राजीव महर्षि ने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा आम नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर देश की जनता के मन में अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर सवालों का संतोषजनक जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल मतदान करने का अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक पहचान, संवैधानिक स्वतंत्रता और लोकतंत्र में उसकी भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया जाता है अथवा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगता है, तो यह केवल किसी व्यक्ति विशेष के अधिकार का हनन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना पर आघात है। महर्षि ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी लगातार देश में मतदाता सूचियों की पारदर्शिता, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता तथा प्रत्येक नागरिक के वोट की सुरक्षा का मुद्दा पूरी मजबूती से उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव आयोग सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं जवाबदेह होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान अनेक गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रस्तुत आपत्तियों, एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराए जाने तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंकाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित नहीं होने देगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई दिल्ली की रैली को लेकर भारी उत्साह है। प्रदेश के पर्वतीय एवं मैदानी जनपदों से हजारों कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र की रक्षा के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। प्रदेश कांग्रेसअध्यक्ष गणेश गोदियाल नेे सभी कांग्रेसजनों, लोकतंत्र में आस्था रखने वाले नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे 1 नवम्बर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाएं।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581