एम्स ऋषिकेश में सांस्कृतिक कार्यक्रम पाइरेक्सिया का उद्घाटन
उद्घाटन समारोह के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई।

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में वार्षिक स्तर पर आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम पाइरेक्सिया का उद्घाटन हरिद्वार सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा किया गया। पांच दिवसीय आयोजन के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। ’पाइरेक्सिया’ में विभिन्न मेडिकल काॅलेजों के स्टूडेंट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्घाटन हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत और संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। संस्थान के मुख्य सभागार में उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि इस कार्यक्रम में संस्कृति, खेल और चिकित्सा महोत्सव का समायोजन देखने को मिलेगा। उन्होंने आयोजन को शानदार बताया और कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम रचनात्मकता के साथ-साथ एक शानदार उत्सव का भी प्रतीक है। उद्घाटन समारोह के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद पाइरेक्सिया की मौजूदा थीम ’पाइरेट्स ऑफ द लॉस्ट आइलैंड’ पर आधारित एक डांस-ड्रामा, शानदार बॉलीवुड परफॉर्मेंस और उत्तर-दक्षिण भारतीय नृत्य परंपराओं की मनमोहक व सुन्दर प्रस्तुति ने शमा बांध दिया। बतादें कि कार्यक्रम का आयोजन एम्स ऋषिकेश की सांस्कृतिक सोसाइटी ’प्रवाह’ के तत्वाधान में किया जा रहा है। आयोजन में एमबीबीएस, नर्सिंग और एलाइड हेल्थ साइंसेज के स्टूडेंट्स उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन के कार्यक्रम में डीन एकेडमिक्स प्रो. सौरभ वाष्र्णेय, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. वंदना ढिंगरा सहित विभिन्न फेकल्टी सदस्य और एम्स ऋषिकेश स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




