विदेशों में रह रहे पांच सदस्यों समेत पंजाब से 14 सदस्य महापरिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल
501 सदस्यों के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही महापरिषद : गुरिंदर पाल सिंह

संदीप गोयल/एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 06 अक्टूबर। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महापरिषद देशभर से 501 सदस्यों वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। महापरिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं 102 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी तथा भारत सरकार की एमिनेंट कमेटी के पूर्व सदस्य श्री प्रहलाद प्रजापति के नेतृत्व में संगठन स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों एवं उनके परिवारों के सम्मान, अस्तित्व की रक्षा तथा उनके अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
महापरिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री गुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि पंजाब वीरों और शहीदों की धरती है। बैसाखी के अवसर पर पंजाब में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया। इसी क्रम में पंजाब तथा विदेशों में रह रहे स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से कुल 14 सदस्यों को महापरिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सम्मानित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि इनमें रमनदीप कौर, गुरपिंदर कौर, कनाडा से धनविन्दर सिंह एवं हरविंदर सिंह, यूके से गगनदीप सिंह तथा ऑस्ट्रेलिया से अन्य प्रतिनिधियों सहित गुरु केवल दीप सिंह, लवप्रीत कौर, नवजोत सिंह, हरदीप सिंह, गुरविंदर सिंह, मुख्तियार सिंह एवं चरनप्रीत सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।
श्री गुरिंदर पाल सिंह ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनसे अपेक्षा है कि वे पंजाब के साथ-साथ विदेशों में रह रहे स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों को भी महापरिषद के बैनर तले संगठित करेंगे तथा उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि महापरिषद का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके परिवारों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करना है।




