यात्रा के दूसरे चरण में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
एसपी चमोली ने हेमकुण्ड साहिब एवं घांघरिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चमोली। यात्रा के दूसरे चरण में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच आज एसपी चमोली ने हेमकुण्ड साहिब एवं घांघरिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर फीडबैक भी लिया। एसपी चमोली ने जवानों की समस्याएं भी सुनीं और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाया।
सिख धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हेमकुण्ड साहिब की यात्रा कठिन पहाड़ी मार्गों एवं बदलते मौसम के बीच संपन्न होती है। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार श्री हेमकुण्ड साहिब पहुँचे और यात्रा मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी चमोली ने गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जनपद में सुख-समृद्धि, शांति एवं जनपदवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा एसपी चमोली का स्वागत किया गया। तत्पश्चात उन्होंने पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मुख्य पुजारी आचार्य मनीष जी से मंदिर एवं यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। एसपी चमोली ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एसपी चमोली ने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा के दौरान आ रही परेशानियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा चौकी घांघरिया का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी कार्यालय, बैरक, मैस एवं परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं अन्य सुरक्षा बलों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली साथ ही चौकी में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। इसके पश्चात पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी एवं एसडीआरएफ जवानों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों के संबंध में जवानों से सीधे जानकारी प्राप्त की। 10 अक्टूबर को श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट बंद होने एवं संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पूर्व से ही आवश्यक सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकी घांघरिया में तैनात जवानों को उपहार भी वितरित किए गए। एसडीआरएफ टीम से संवाद के दौरान एसपी चमोली ने आपदा राहत-बचाव उपकरणों एवं तैयारियों की जानकारी ली। पर्वतीय क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स देने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने चौकी में तैनात जवानों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का स्वयं जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं कठिन पैदल मार्ग पर पूरी तत्परता से ड्यूटी निभा रहे जवानों के साथ बैठकर रात्रि भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी कर रहे जवानों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनका मनोबल बढ़ाया। इस दौरान ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान से भेंट कर यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चरों एवं सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसपी चमोली ने गोविंदघाट एवं घांघरिया में पवन हंस के अधिकारियों से भी हेली सेवा के संचालन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से भी भेंट हुई। इस वर्ष श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा के प्रारंभ से ही पुलिस अधीक्षक चमोली के नेतृत्व में चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी प्रबंध किए गए। इसके परिणामस्वरूप कपाट खुलने के बाद से अब तक देश-विदेश से 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग की चुनौतियों को पार करते हुए श्री हेमकुण्ड साहिब पहुँचकर पवित्र गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक चुके हैं। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




