एसएसपी दून की रणनीति फिर अपराधियों पर पड़ी भारी
रंगदारी मांगने वाले 02 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून 27 सितम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल की रणनीति फिर अपराधियों पर पड़ी भारी। जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले 02 अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक, पूर्व में वादी के घर पर काम कर चुका था। अभियुक्तो द्वारा किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अपने मोबाइल में व्हाट्सएप डाउनलोड किया था। व्हाट्सएप के माध्यम से वादी को धमकी देते हुए रंगदारी मांग रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 24 सितम्बर को भगवती प्रसाद पुत्र टेकराम निवासी झिवारेडी, कोतवाली पटेल नगर ने कोतवाली पटेलनगर पर अज्ञात अभियुक्तो द्वारा उन्हें डरा धमकाकर फोन पर उनसे पैसे मांगने तथा पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने के संबंध में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली पटेल नगर पर मुकदमा अपराध सख्या-676/2026 धारा, 308(4)352(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा घटना के अनावरण तथा उसमे शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु तत्काल कोतवाली पटेल नगर पर पुलिस टीम का गठन करते हुए टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। गठित टीम द्वारा सर्विलांस व अन्य माध्यमो से घटना में शामिल अभियुक्तो के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी/पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों के दौरान 26 सितम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल 02 अभियुक्तों विशु पुत्र चंद्रपाल निवासी नजरपुरा प्राइमरी स्कूल के पास, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष तथा अभिषेक पुत्र सुखपाल निवासी निवासी नजरपुरा प्राइमरी स्कूल के पास, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार उम्र 21 वर्ष को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वे दोनो मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं तथा अभियुक्त विशू द्वारा कुछ समय पूर्व वादी के भवन निर्माण के दौरान उसके यहाँ काम किया था, जिस कारण वादी का मोबाइल नंबर उनके पास था तथा वह जानता था कि वादी सरल स्वभाव का व्यक्ति है तथा उसे डराने धमकाने पर वह उन्हें आसानी से पैसा दे सकता है। वर्तमान में उसके पास कोई काम न होने तथा पैसों की तंगी के चलते उसके द्वारा अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर वादी को डराने तथा उससे रंगदारी मांगने की योजना बनाई। इस दौरान उसके साथी अभिषेक के पास एक व्यक्ति अपना मोबाइल ठीक करने के लिए आया, मोबाइल ठीक करने के दौरान अभिषेक द्वारा उक्त व्यक्ति के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप डाउनलोड कर लिया तथा उक्त व्हाट्सएप के माध्यम से कॉल कर भगवती प्रसाद को धमकी देते हुए उससे पैसों की मांग की गई। आज दोनों अभियुक्त वादी भगवती प्रसाद से पैसे लेने देहरादून आए थे।




