कैबिनेट मंत्री ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
श्रीनगर में भव्य संस्कृत शोभायात्रा आयोजित

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान द्वारा संस्कृत सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर श्रीनगर में भव्य संस्कृत शोभायात्रा आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कीं। शोभायात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सराफा धर्मशाला पहुंची। विद्यार्थियों ने संस्कृत के प्रचार-प्रसार तथा भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों के संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संस्कृत भारत की समृद्ध संस्कृति, ज्ञान, दर्शन, साहित्य, परंपरा एवं संस्कारों की अमूल्य धरोहर है। युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने कहा कि संस्कृत सप्ताह के माध्यम से युवा पीढ़ी को देववाणी संस्कृत की समृद्ध परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर मेयर आरती भंडारी, प्रधानाचार्य जगदीश चंद्र सकलानी, खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, पार्षदों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




