उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंन्यूज़

डीएम एसएसपी ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ड्रोन कैमरों के माध्यम से सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हरिद्वार, 02 अगस्त। कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को बैरागी कैंप पार्किंग एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरागी कैंप पार्किंग स्थल पर आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा पार्किंग की सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पार्किंग स्थल पर वाहनों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए साथ ही पेयजल के लिए लगाए गए स्टैंड पेस्टो के पानी की निकासी के लिए की जाए उचित व्यवस्था। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ड्रोन कैमरों के माध्यम से पार्किंग क्षेत्र एवं आसपास के संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी की जाए। कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव,एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार,सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी,सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button