उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंन्यूज़

वरिष्ठ मातृशक्ति का सम्मान समाज की संस्कृति और संस्कारों का सम्मान : एसपी

वरिष्ठ महिला सम्मान समारोह में सम्मानित हुईं समाज की प्रेरणास्त्रोत महिलाएं

चमोली। समाज निर्माण में महिलाओं, विशेषकर वरिष्ठ मातृशक्ति के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से नन्दा सुनन्दा ग्रुप द्वारा आज नगर पालिका सभागार गोपेश्वर में वरिष्ठ महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सांस्कृतिक शुभारंभ संगीता भट्ट एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक गणेश वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। समारोह के दौरान 75 वर्ष से अधिक आयु की वरिष्ठ महिलाओं को उनके जीवन अनुभव, सामाजिक योगदान एवं परिवार तथा समाज के प्रति उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही पर्यावरण एवं जनहित से जुड़े कार्यों में योगदान देने वाले पुरुषों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के ऐतिहासिक चिपको आंदोलन की मजबूत स्तंभ रहीं स्वर्गीय श्यामा देवी के अमूल्य योगदान को भी भावपूर्ण ढंग से स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चिपको आंदोलन ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया बल्कि महिलाओं की शक्ति और उनके नेतृत्व को वैश्विक पहचान भी दिलाई। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि वरिष्ठ महिलाएं समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं महिलाओं ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक से प्रभावी रोकथाम की मांग की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि चमोली पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती पूजा पंवार, ओम प्रकाश भट्ट, नन्दा सुनन्दा ग्रुप की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला सेमवाल, श्रीमती चन्द्रकला बिष्ट, श्रीमती राजकुमारी गैरोला, मनीष नेगी, दीपक भट्ट, दीपक बिष्ट सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button