उत्तराखंड समाचार

रुद्रपुर में तीनमंजिले मकान से गिरकर युवती की मौत, खुदकुशी या हत्या…जांच में जुटी पुलिस

शनिवार रात 11 बजे के आसपास वह फोन में बात करते हुए छत पर गई हुई थी।

रुद्रपुर: संदिग्ध हालात में धारचुला निवासी युवती तीनमंजिले मकान की छत से गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। इसका पता चलते ही मृतका के स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवती ने आत्महत्या की है या वह हादसे का शिकार हुई है, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।पिथौरागढ़, धारचुला के खेत गांव निवासी 20 वर्षीय आरती कुंवर पुत्री नरेंद्र कुंवर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करती थी। वह अपने दो सहेलियां सुमन व ममता के साथ आवास विकास स्थित अटरिया रोड पर मो.आरिफ के मकान में किराए में रहती थी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात 11 बजे के आसपास वह फोन में बात करते हुए छत पर गई हुई थी। इसी बीच वह तीनमंजिले मकान की छत से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।इसका पता चलते ही उसकी सहेली सुमन और ममता ने उसे आसपास के लोगों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी धीरज टम्टा और एसआइ पूजा रावत पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली, साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।चौकी प्रभारी आवास विकास ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के स्वजनों को दे दी गई है। बाडी का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरती ने आत्महत्या की या फिर यह हादसा है, इसकी जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ ही मोबाइल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button