उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशदेहरादूनधर्मन्यूज़

मुख्यमंत्री ने किया धर्मशाला का लोकार्पण

कुंभ मेले को भव्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही सरकार

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में गंगा दशहरा पर्व पर श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण करने के साथ ही उपस्थित जनमानस को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार आगामी कुंभ मेले को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसके अंतर्गत गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार तथा विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा तथा देश की सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय आर्म्ड पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बना रहे हैं। उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री आनंद धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु माँ गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है। यह चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि हर श्रद्धालु को सुव्यवस्थित और सुरक्षित अनुभव प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने इसे मातृशक्ति के सम्मान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्धारित स्थलों पर ही धार्मिक आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर श्री हरी चेतनानन्द महाराज महामंडलेश्वर, श्री कैलाश विजयवर्गीय मंत्री नागरिक प्रशासन मध्य प्रदेश, श्री विनय रोहिला उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन, श्री विशाल पटेल पूर्व विधायक देपालपुर इन्दौर, श्री संतोष पटेल उपाध्यक्ष आनंद ट्रस्ट धर्मशाला, श्री आशाराम सिसोदिया अध्यक्ष महाकालीका ट्रस्ट इन्दौर, श्री सीताराम पटेल अध्यक्ष देवास छात्रावास, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री आशुतोष शर्मा, डीएम हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार श्री नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी देहरादून श्री प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, एसडीएम हरिद्वार श्री जितेन्द्र कुमार व श्री योगेश मेहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रस्टी एवं श्रद्धालू मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464