सात साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
आरोपी को कोतवाली ज्वालापुर लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और सीबीसीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। तिवारी पर हरिद्वार में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड द्वारा स्थानीय लोगों से निवेश के नाम पर बड़ी आर्थिक ठगी की गई थी। थाना ज्वालापुर में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि कंपनी ने लोगों से आरडी और फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर लाखों रुपये जमा कराए और बाद में रकम हड़प ली। जांच में कंपनी संचालक अनिल कुमार तिवारी और देवेन्द्र प्रकाश तिवारी की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की विवेचना ईओडब्ल्यू सीआईडी सेक्टर देहरादून से की जा रही है। पुलिस के अनुसार अनिल कुमार तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि देवेन्द्र प्रकाश तिवारी लगातार फरार चल रहा था। उस पर अपर पुलिस महानिदेशक स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और पिछले करीब सात वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ पिछले एक माह से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से मिली सूचनाओं और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही थी। सूचना मिली कि आरोपी आगरा के थाना डौकी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी कानपुर के हंसपुरम नौबस्ता क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में मथुरा जिले के जैत थाना क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी को कोतवाली ज्वालापुर लाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




