उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरें

स्वास्थ्य विभाग ने लागू की वैकल्पिक व्यवस्थाएं

पौड़ी। जनपद के दूरस्थ व ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर बीरोंखाल और सतपुली में गर्भवती महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को समय पर अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने के लिये जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, ताकि जरूरतमंदों को दूर न जाना पड़े।

पीसीपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत जिलाधिकारी ने बीरोंखाल व सतपुली अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीन संचालन की अनुमति दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में डॉ. अंकिता रावत प्रत्येक शुक्रवार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में बेस चिकित्सालय कोटद्वार के डॉ. निशांत गर्ग प्रत्येक बुधवार अल्ट्रासाउंड सेवा देंगे। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जहां रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं, वहां योग्य चिकित्सकों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिला अस्पताल पौड़ी में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजय त्यागी के 19 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक उपार्जित अवकाश के दौरान सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड मशीन संचालन की अनुमति दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि मातृ व शिशु स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी स्वास्थ्य इकाइयों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक गर्भवती महिलाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button