पं. गोविन्द बल्लभ पंत महान स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी
पं. गोविन्द बल्लभ पंत ने देश को स्वतन्त्र कराने के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया

अल्मोड़ा, 10 सितम्बर। भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत की 138वीं जयन्ती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खूंट में राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार अजय टम्टा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह पींचा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अल्मोड़ा क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डा. चन्द्र सिंह चौहान समेत अनेक जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर पर राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग भारत सरकार ने कहा कि यह हमारे लिये गौरव की बात है कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत जैसे महान स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी अल्मोड़ा जनपद में पैदा हुए। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत के जन्मस्थान खूॅट ने पूरे भारत समेत उत्तराखण्ड और अल्मोड़ा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने संयुक्त प्रान्त के मुख्यमंत्री के रुप में उन्होंने अनेक कल्याणकारी योजनाओं को कार्यान्वित किया। उन्होंने देश को स्वतन्त्र कराने के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया। आज पं. गोविन्द बल्लभ पंत के नाम से बहुत सारे संस्थानों से लोगों को शिक्षा-दीक्षा और विज्ञान के माध्यम से देश का का गौरव बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने पंत जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर देश हित में कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पं. जीबी पंत हमारे देश की शान थे। कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत के व्यक्तिव पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा बताये मार्ग पर चलने की बात कही। वक्ताओं ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत को महान स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी, देशभक्त, समाजसेवी व कुशल प्रशासक बताया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये, साथ ही सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया। इस दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहें। विभिन्न विभागों द्वारा लोगों की जानकारी हेतु स्टॉल लगाये गये जिससे उपस्थित लोगों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।




