उत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड में माैसम को लेकर बड़ी चेतावनी जारी, इन दिनों पर्यटक न जाएं जंगल व हिमालयी क्षेत्रों की ओर

बदलते मौसम के बीच तापमान सामान्य से काफी अधिक पहुंचने के आसार हैं।

हल्द्वानी : बदलते मौसम के बीच तापमान सामान्य से काफी अधिक पहुंचने के आसार हैं। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने हिमस्खलन व वनाग्नि को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेषकर 27 व 28 मार्च के लिए जारी आदेश में मौसम विभाग ने कहा है कि बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं कहीं बर्फ पिघलने व हिमस्खलन की संभावना रहेगी। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में वनाग्नि की शुरुआत या उसके तेजी से फैलने की संभावना रह सकती है। 36 से 37 डिग्री तापमान की वजह से फसलों व सब्जियों नुकसान पहुंच सकता है।वनाग्नि से बचाव के लिए वन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में अग्नि रक्षा पट्टी स्थापित करने की सलाह जारी की गई है। फायर क्रू स्टेशनों को सतर्क करने को कहा गया है। किसी तरह की घटना की सूचना अग्निशमन विभाग या वन विभाग आदि को दे सकते हैं। हिमस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन बीकन, फावड़ा, प्रोब आदि साथ रखने की सलाह दी है। फसलों की सिंचाई करने से अधिक गर्मी से नुकसान से बचाया जा सकता है।

स्थान       अधिकतम  न्यूनतम

हल्द्वानी    33.5         21.7

पंतनगर    33.7        17.6

मुक्तेश्वर    21.3        12.4

नैनीताल    24.6       14.3

अल्मोड़ा    29.5       10.1

बागेश्वर      33.0       13.1

चम्पावत    25.6        7.8

पिथौरागढ़  27.4       11.6

Related Articles

Back to top button