उत्तराखंड समाचार

राजभवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का हुआ भव्य समापन

वसंतोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को राज्यपाल ने किया पुरस्कृत

देहरादून 09 मार्च। राजभवन देहरादून में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का रविवार को समापन हो गया। वसंतोत्सव के इन तीन दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पों के प्राकृतिक सौंदर्य और अन्य कार्यक्रमों का खूब आनंद लिया। वसंतोत्सव-2025 में इस वर्ष की चल वैजंती (रनिंग ट्राफी) आईआईटी रुड़की को मिली। गत वर्ष यह ट्रॉफी ओनजीसी को मिली थी। इस वर्ष आईआईटी रुड़़की को 10 श्रेणियों में और उत्तराखण्ड सैनिक पुनर्वास संस्थान एवं पत्थरचट्टा को 03 श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए। वसंतोत्सव में 15 श्रेणियों की 55 उप श्रेणियों में 165 पुरस्कार वितरित किये गये। राज्यपाल लेफ्टिनेट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने पुष्प प्रदर्शनी प्रतियोगिताओं, रंगोली तथा बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता, फोटो प्रतियोगिता आदि श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया। वसंतोत्सव-2025 के समापन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में भारी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर वसंत के इस उत्सव को जन-जन का उत्सव बनाया है। उन्होंने कहा कि इन तीन दिनों में राजभवन के चारों ओर हर्ष व उल्लास का वातावरण था, जिसमें लगभग 2.7 लाख लोगों ने वसंतोत्सव में प्रतिभाग किया। राज्यपाल ने कहा कि इस महोत्सव में तकनीकी और नवाचार का भी उपयोग किया गया जिससे इस उत्सव को और अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाया। राज्यपाल ने कहा कि पुष्पों से अर्थव्यवस्था में वृद्धि और निश्चित ही समृद्धि आयेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में शहद, सुगंधित पौधों और फूलों के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जो राज्य की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण विकास में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने कहा कि कृषकों, महिलाओं और युवाओं की भागीदार ने वसंतोत्सव को विशेष बनाया है। समापन समारोह में राज्यपाल ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों तथा प्रदर्शनी के मुख्य आयोजक उद्यान विभाग, संस्कृति विभाग सहित सभी सहयोगी विभागों को इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस वसंतोत्सव-2025 में लोगों ने अभूतपूर्व भागीदारी की है। उन्होंने कहा कि माननीय राज्यपाल की प्रेरणा से यह वसंतोत्सव प्रतिवर्ष बेहतर तरीके से आयोजित हो रहा है, आने वाले समय में यह उत्सव और भी भव्य रूप लेगा। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर आईएमए, आईटीबीपी और होमगार्ड्स के पाइप बैंड के मधुर धुनों ने समापन समारोह को और आकर्षक बना दिया। उपस्थित दर्शकों ने जिसका पूरा आनंद लिया और पाइप बैंड की धुनों की सराहना की। कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, सचिव श्री राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण एस. एन. पाण्डे, अपर सचिव श्री राज्यपाल स्वाति एस. भदौरिया, निदेशक उद्यान दीप्ति सिंह, अपर निदेशक डॉ. रतन कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में प्रदर्शनी में आये दर्शक भी उपस्थित थे।

 

 

 

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581