उत्तराखंड समाचार

स्वास्थ्य मंत्री ने बांटे कायाकल्प अवार्ड

144 चिकित्सा इकाईयों को पुरस्कार स्वरूप मिली 203 लाख

देहरादून। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम के तहत प्रदेश की 144 चिकित्सा इकाईयों को कायाकल्प अवार्ड से नवाजा गया। चयनित चिकित्सा इकाईयों के अधिकारियों को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मोमेंटो व पुरस्कार राशि का चैक देकर सम्मानित किया। जिला अस्पताल रूद्रपुर व देहरादून को श्रेष्ठ जिला अस्पताल के पुरस्कार से सम्मानित किया गया जबकि जिला अस्पताल चमोली को श्रेष्ठ ईको फ्रेंडली अस्पताल से नवाजा गया। इसके अलावा पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों में अन्य  141 चिकित्सालयों को भी उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया गया।

आईआरडीटी ऑडियोटोरियम देहरादून में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के तत्वाधान में आयोजित कायाकल्प सम्मान समारोह 2022-23 में प्रदेशभर के 144 चिकित्सा इकाईयों को मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कायाकल्प अवार्ड से सम्मानित किया। इन सभी चिकित्सा इकाईयों का चयन राज्य स्तरीय समिति के द्वारा आठ मानकों अस्पताल में सुविधाएं एवं रख-रखाव, स्वच्छता, कचरे का प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, हेल्प डेस्क की सेवाएं, स्वच्छता संवर्धन, साफ-सफाई एवं चाहरदीवारी तथा ईको फ्रेंडली चेक लिस्ट के आधार पर किया गया। जिसमें बेस्ट डिस्ट्रिक हास्पिटल के रूप में देहरादून व रूद्रपुर को 25-25 लाख रूपये की धनराशि का चेक दिया गया। जबकि जिला अस्पताल गोपेश्वर चमोली को बेस्ट इको फ्रेंडली अवार्ड के रूप में रू0 13 लाख की धनराशि दी गई। उप जिला चिकित्सालय मेला हरिद्वार व सीएचसी साहिया को इको फ्रेंडली अस्पताल का द्वितीय पुरस्कार 7.5-7.5 लाख की धनराशि दी गई। जबकि रनरअप का पुरस्कार सीएचसी गरमपानी नैनीताल को रू0 10 लाख की धनराशि दी गई। इसी क्रम में सीएचसी बेताल घाट को बेस्ट इको फ्रेंडली पुरस्कार के रूप में रू0 6 लाख की धनराशि मिली।

भारत सरकार के सेंट्रल क्वालिटी सुपरवाइजरी कमेटी द्वारा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एन.क्यू.ए.एस) सम्मान बी.डी. पांडे अस्पताल नैनीताल, जिला अस्पताल चंपावत व उप जिला अस्पताल रुड़की को प्राप्त हुआ है। साथ ही लक्ष्य सर्टिफिकेशन देहरादून के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर व हरिद्वार के उप जिला अस्पताल रुड़की को सम्मान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा जिला स्तर पर क्वालिटी एश्योरेंस के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिये आठ चिकित्सकों डा.राजीव बजाज व डा. कविता रावत देहरादून, डॉ. गौरंग जोशी चम्पावत, डॉ. बी.बी. जोशी अल्मोड़ा, डा. हरीश थपलियाल चमोली, डा. तेजश्विता बिष्ट हरिद्वार, डा. अराधना जोशी नैनीताल, मंजू कैरा ऊधमसिंह नगर को डिस्ट्रिक्ट चैम्पियन अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार राज्य स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिये डा. प्रियांशी श्रीवास्तव एवं विकास डोभाल देहरादून तथा रूपेश ममगांई नैनीताल को स्टेट चैम्पियन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट, विधायक राजपुर खजान दास, सचिव स्वास्थ्य डा. राजेश कुमार, मिशन निदेशक एनएचम स्वाती भदौरिया, अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. विनीता शाह, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, मेम्फिश विश्वविद्यालय अमेरिका के डीन डॉ. आशीष जोशी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैन्थोला, प्रभारी अधिकारी क्वालिटी एश्यैरेंस कार्यक्रम डा. मुकेश राय, डा. अमित शुक्ला, डा. अर्चना, डा. फरीद, डा. महेन्द्र मौर्य, डा. विश्वास, डा. पंकज सिंह सहित सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारी व उनकी टीम तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581