उत्तराखंड समाचारधर्म

प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ सुरकण्डा देवी मन्दिर में 101 कन्याओं का किया गया पूजन

कन्याओं के पांव पखारे गए, उनका विधि विधान से पूजन किया व चुनरी ओढ़ाकर आरती की गई तथा प्रसाद वितरण कर उनका आशीर्वाद लिया।

टिहरी/ धनोल्टी, 22 अक्टूबर। रविवार को शारदीय नवरात्र की अष्टमी के शुभ अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी द्वारा कद्दूखाल, टिहरी गढ़वाल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर में भव्य विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं उनके पिता गणेश जोशी शामिल हुए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, नेहा जोशी, टिहरी के जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल एवं उनके परिवार जनों ने नौ दुर्गा स्वरूपा 101 कन्याओं का पूजन किया। उनके द्वारा कन्याओं के पांव पखारे गए, उनका विधि विधान से पूजन किया व चुनरी ओढ़ाकर आरती की गई तथा प्रसाद वितरण कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर नेहा जोशी ने शक्तिपीठ माँ सुरकण्डा देवी की विधि विधान से पूजा अर्चना कर मां सुरकण्डा माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विशेष महत्व है। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के सम्मान की गौरवमयी परम्परा का यह महत्वपूर्ण आधार भी रहा है।

Related Articles

Back to top button