उत्तराखंड समाचार

मीडिया में बयानबाजी के बजाय अपनी बात पार्टी के उचित फोरम में ही रखें नेता : करन माहरा

श्री करन माहरा ने कहा कि जब चम्पावत में उपचुनाव हुआ था तो कुछ नेताओं द्वारा इसी प्रकार के बयान दिये गये जिसका खामियाजा पार्टी प्रत्याशी की हार से भुगतना पडा था।

देहरादून, 4 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश कांग्रेस के सभी नेतागणों से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में बयानबाजी से बचने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोनिक, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया में बयानबाजी के बजाय अपनी बात पार्टी के उचित फोरम में ही रखें ताकि पार्टी संगठन की छबि भी खराब न हो। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी के माध्यम से एक बयान जारी करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विगत कुछ समय से देखने में आया है कि पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा अपनी बात पार्टी के उचित फोरम में रखने के बजाय इलेक्ट्रोनिक, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया में बयानबाजी एवं टिप्पणी कर संगठन की छबि धूमिल करने के साथ ही गुटबाजी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा लगातार दिये जा रहे इस प्रकार के बयानों के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा है। श्री करन माहरा ने कहा कि जब चम्पावत में उपचुनाव हुआ था तो कुछ नेताओं द्वारा इसी प्रकार के बयान दिये गये जिसका खामियाजा पार्टी प्रत्याशी की हार से भुगतना पडा था। आज जब पार्टी संगठन आने वाले निकाय चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहा है वहीं वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी से आने वाले निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव एवं लोकसभा चुनाव में असर पड़ेगा। श्री करन माहरा ने कहा कि पार्टी संगठन के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति सभी वरिष्ठ नेताओं की राय लेकर की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति पार्टी से ऊपर नहीं है, पार्टी के जोधपुर संकल्प के अनुरूप ही पार्टी संगठन में युवाओं को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ नेता न तो पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण बैठकों में प्रतिभाग करते हैं और न ही मांगे जाने पर समय पर सुझाव ही देते हैं परन्तु अब अपनी व्यक्तिगत महत्ताकांक्षा में अन्य लोगों के कंधे पर बन्दूक चला रहे हैं तथा मीडिया मे बने रहने के लिए इस प्रकार के बयान देकर कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाजी से पार्टी को पहले भी और अब भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को जब पार्टी संगठन में मौका मिला था तो वे पूरे प्रदेश का दौरा तक नहीं कर पाये तथा आपसी गुटबाजी में ही उलझे रहे और अब आरोप-प्रत्यारोप की बयानबाजी कर पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। 2017 से 2022 के बीच कुछ नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी के चलते ही पार्टी को चुनाव में भारी नुकसान हुआ था। विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत करता रहा है और यदि 2022 के चुनाव से ऐन पहले भी पार्टी नेताओं द्वारा बयानबाजी नहीं की जाती तो निश्चित रूप से पार्टी प्रदेश की सत्ता में होती। प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी के साथ कंाग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ 3600 कि.मी. की भारत जोड़ो पद यात्रा की, पूरे प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा सफलता पूर्वक आयोजित करने के बाद अब पूरे प्रदेश में जय भारत सत्याग्रह कार्यक्रम किया जा रहा है, परन्तु पार्टी के कुछ नेताओं की बयानबाजी के कारण कार्यकर्ता हताश ही नहीं हो रहा है अपितु पार्टी की छबि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सत्ताधारी दल श्री राहुल गांधी जी, गांधी परिवार तथा कांग्रेस पार्टी पर एक के बाद एक प्रहार कर रहा है उसके बावजूद पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती के साथ खड़ा होकर आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पूरे उत्साह के साथ काम कर रहा है वहीं दूसरी ओर कुछ नेता बयानबाजी में जुटे हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागणों को सुझाव देते हुए कहा है कि इलेक्ट्रोनिक, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया में बयानबाजी करने के बजाय अपनी बात पार्टी के उचित फोरम में ही रखी जानी चाहिए ताकि उनकी आपत्तियों का पार्टी संगठन स्तर पर समाधान किया जा सके तथा सार्वजनिक बयानबाजी से पार्टी संगठन की छबि को धूमिल होने से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581