उत्तराखंड समाचार

अतिक्रमण हटाने में ही हो रहा बुलडोजर का प्रयोग

अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया कानूनी तौर पर पूरी की जा रही है।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर के माध्यम से कार्रवाई सिर्फ अवैध कब्जे या अतिक्रमण हटाने के लिए हो रही है। बुलडोजर का प्रयोग किसी के विरुद्ध बलपूर्वक नहीं किया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, बुलडोजर का उपयोग होगा। अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया कानूनी तौर पर पूरी की जा रही है। अभी तक तीन स्थानों हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और हल्द्वानी में बुलडोजर का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा सदैव राष्ट्रवादी रही है। प्रत्येक परिस्थिति में केवल राष्ट्र प्रथम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से सभी सरकारी कार्यों को आनलाइन सर्विस के माध्यम से जनता तक आसानी से पहुंचाना है। इससे सरकारी कार्यालयों और जनता, दोनों के पैसे और समय की बचत हो सकेगी। सभी सरकारी कामकाज को आनलाइन किया गया है। इससे जनता घर बैठे विभिन्न कार्यों को कर सकती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के भीतर जिज्ञासा होनी चाहिए। स्वाध्याय के माध्यम से हमेशा अपने ज्ञान में वृद्धि करनी चाहिए। व्यक्ति ज्ञान में कभी पूर्ण नहीं होता। हर व्यक्ति को जीवनभर विद्यार्थी रहना चाहिए। वह आज भी स्वयं को विद्यार्थी मानते हैं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प से सिद्धि के मंत्र के माध्यम से निरंतर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने का कार्य किया जा रहा है। व्यक्ति को अपने मिशन में कोई विकल्प नहीं रखना चाहिए।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button