आपका शहरउत्तर प्रदेश समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशन्यूज़राजधानी दिल्लीसोशल मीडिया वायरल

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इटली के लिए रवाना

विभिन्न कार्यक्रमों में 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस का आयोजन भी शामिल है।

नई दिल्ली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह आज तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इटली के लिए रवाना हुए। इस यात्रा का उद्देश्य यूरोप के साथ भारत के वैज्ञानिक जुड़ाव को मजबूत करना तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को आगे बढ़ाना है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय मंत्री इटली के अंतरिक्ष, एयरोस्पेस और अनुसंधान सहयोग से जुड़े मंत्रियों सहित अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के साथ अहम वार्ता करेंगे। इस यात्रा के दौरान उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें, रोम में दूसरा भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 2026 तथा ट्रिएस्टे के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों के साथ संवाद आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अनुसंधान, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग को और बढाने का अवसर मिलेगा। रोम में आयोजित होने वाला दूसरा भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 2026 दोनों देशों के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों, अनुसंधान, नवाचार क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और प्रौद्योगिकी इनक्यूबेटर को एक मंच पर लाएगा। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य उत्कृष्ट अनुसंधान एवं रणनीतिक प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देना, अनुसंधान को नवाचार में परिवर्तित करना, संस्थागत साझेदारी को मजबूत करना तथा भविष्य में सहयोग के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करना है। डॉ. जितेंद्र सिंह इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी तथा अंतरिक्ष एवं एयरोस्पेस नीति के प्रभारी मंत्री एडोल्फो उर्सो के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों के दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तथा आपसी हित के रणनीतिक क्षेत्रों में भारत-इटली सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। 13 नवंबर को ट्रिएस्टे में केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में एलेट्रा सिंक्रोट्रॉन संयंत्र अब्दुस सलाम अंतरराष्ट्रीय सैद्धांतिक भौतिकी केंद्र (आईसीटीपी) और अंतरराष्ट्रीय आनुवंशिक अभियांत्रिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी केंद्र (आईसीजीईबी) का दौरा शामिल है। इन संस्थानों के दौरे से वैज्ञानिक सहयोग, अनुसंधान अवसंरचना में साझेदारी तथा शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इस यात्रा के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह रोम में भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा, 14 नवंबर को भारतीय दूतावास में विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इटली की यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक साझेदारी के विस्तार, अनुसंधान आधारित नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा वैश्विक अनुसंधान संस्थानों एवं प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारत और इटली के बीच पारंपरिक रूप से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं तथा विभिन्न स्तरों पर दोनों देशों के बीच सहयोग जारी है। डॉ. जितेंद्र सिंह की यह यात्रा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नए और उभरते क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री अपने दौरे के समय भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। उनके विभिन्न कार्यक्रमों में 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस का आयोजन भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581