कांडा मेले में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद पौड़ी पुलिस

पौड़ी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखते हुए मेले को सकुशल एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने में जुटी पुलिस टीम। श्रीनगर क्षेत्रान्तर्गत आयोजित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पारंपरिक कांडा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र एवं आसपास के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने एवं किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचाव के लिए पुलिस टीम निरंतर सतर्क एवं मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।



