ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
बैठक में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से कैंटीन संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

पौड़ी गढ़वाल । बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड थलीसैंण में उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी की अध्यक्षता में ब्लॉक टास्क फोर्स (बीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा कर आपसी समन्वय से विशेष पहल संचालित करने पर सहमति जताई।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने बाल विकास विभाग से जन्म के समय लिंगानुपात, शिक्षा विभाग से छात्राओं की उपस्थिति तथा स्वास्थ्य विभाग से संस्थागत प्रसव एवं पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अनुपालन की जानकारी ली। साथ ही कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के उपचार तथा किशोरियों के प्रति दुर्व्यवहार, बाल विवाह और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।
उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रत्येक ग्राम सभा की बैठक में बालिका शिक्षा को लेकर सामूहिक शपथ दिलाने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी बालिका की शिक्षा बाधित न हो और उसे उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा ‘बेटी तुम जुग-जुग जियो’ मुहिम के तहत प्रत्येक बालिका के जन्म पर एक पौधा लगाने तथा हरेला जैसे विशेष अवसरों पर सामूहिक पौधरोपण करने का निर्णय लिया गया। विद्यालयों में छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए उपस्थिति दीवार बनाई जाएगी, जिसमें प्रतिमाह सर्वाधिक उपस्थिति वाली प्रथम तीन छात्राओं के फोटो प्रदर्शित कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कक्षा 12वीं की बालिकाओं का विभागीय कार्यालयों में भ्रमण कराया जाएगा तथा ‘लंच विद ऑफिसर’ कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों से संवाद का अवसर दिया जाएगा। साथ ही उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए ‘बेटी हेल्प डेस्क’ स्थापित की जाएगी, जहां स्वास्थ्य, शिक्षा एवं व्यवसाय संबंधी जानकारी और मार्गदर्शन मिलेगा। बैठक में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से कैंटीन संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ छात्राओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना सहित वित्तीय वर्ष में संचालित विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में बीडीओ अर्जुन सिंह रावत, ईओ दीपक प्रताप, एडीओ पंचायत रविशंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




