बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिका सम्मान समारोह आयोजित
कड़ी मेहनत और लगन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है : डॉ. ललित नारायण मिश्र

हरिद्वार, 24 अक्टूबर। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, हरिद्वार द्वारा शनिवार को सभागार जिला बार एसोसिएशन, रोशनाबाद में बालिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद हरिद्वार के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हाईस्कूल की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 60 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, पोषण किट एवं स्मार्ट वॉच प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में जिस मुकाम और शिखर पर व्यक्ति पहुंचता है, उसे बरकरार रखने के लिए समय का सदुपयोग, निरंतर प्रयास और अनुशासन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर ही निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने, निरंतर आगे बढ़ने और शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे आयोजन बालिकाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चन्द, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमद्र सिंह, सचिव विपिन चतुर्वेदी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के प्रतिनिधि काजल ने भी अपने विचार व्यक्त किए ओर कहा की उनके द्वारा द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा बालिकाओं का उत्साहवर्धन कर उनके उज्जवल भविष्य की भी कामना की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सहित बार एसोसिएशन के अधिवक्ता, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, सम्मानित बालिकाएं, उनके अभिभावक तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



