महंगे शौकों को पूरा करने की लत ने पहुँचाया सलाखों के पीछे
एसएसपी के नेतृत्व में नशा तस्करों के मंसूबो को नाकाम करती दून पुलिस

देहरादून, 30 सितम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में नशा तस्करों के मंसूबो को दून पुलिस नाकाम करती नज़र आ रहीं हैं। हाई प्रोफाइल ड्रग के साथ 02 नशा तस्करों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं। अभियुक्तो के कब्जे से 8.73 ग्राम MDMA बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनो अभियुक्त निजि शिक्षण संस्थानों के छात्र हैं। महंगे शौकों को पूरा करने के लिये मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हो गए थे।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विजन को साकार करने तथा वर्तमान में प्रचलित “ऑपरेशन प्रहार“ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है. जिसके अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में दून पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज थाना प्रेमनगर पर गठित पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पौंधा के पास से 02 अभियुक्तों आदिल मोन पुत्र मुस्तफा निवासी पालातील कोडंगालूर हाउस जिला मलप्पपुरम, केरला, हाल पता ठाकुरपुर रोड, कोतवाली प्रेमनगर, जनपद देहरादून उम्र 22 वर्ष व साबिर अली पुत्र अब्दुला निवासी ग्राम मंजेरी टाउन नियर बॉय हाय स्कूल मंजेरी पोस्ट ऑफिस, नारू गैरा थाना मंजेरी जिला मलप्पपुरम, केरला हाल पता ठाकुरपुर रोड, कोतवाली प्रेम नगर, जनपद देहरादून, उम्र 25 वर्ष को कुल 08.73 ग्राम अवैध एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना प्रेमनगर पर मुकदमा अपराध सख्या 207/26 धारा 8/22/37 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि वो दोनो एक निजि शिक्षण संस्थान के छात्र हैं तथा अपने मंहगे शौकों को पूरा करने के लिये वे उक्त एमडीएमए को सस्ते दामों में खरीदकर लाये थे, जिसे वह शिक्षण संस्थानों में अध्ययन रत छात्रों मंहगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।




