उत्तर प्रदेश समाचार

ट्रैक्टर चोर गिरोह का सदस्य धरा, ट्रैक्टर-ट्रालियां बरामद

ट्रैक्टर और ट्रालियां चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है,

लक्सर: ट्रैक्टर और ट्रालियां चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए ट्रैक्टर और ट्रालियां बरामद की हैं।

लक्सर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में सीओ बीएस चौहान ने बताया कि एक दिन पहले लक्सर कोतवाली के सीधडू गांव निवासी ग्रामीण सतपाल का ट्रैक्टर ट्राली उसके घर से चोरी हो गया था। इसके अलावा भिक्कमपुर गांव में एक मैकेनिक की दुकान में खड़ी ग्रामीण विकास की ट्राली भी दुकान के बाहर से चोरी हो गई थी। घटनाओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा पथरी थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार ट्रालियां चोरी हुई थी। वारदातों का पर्दाफाश करने के लिए लक्सर और पथरी पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। जांच में जानकारी हाथ लगने पर पुलिस टीम ने एथल गांव के निकट एक ट्रैक्टर पर सवार होकर आ रहे दो व्यक्तियों की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देख ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति कूदकर भाग निकला। जबकि, दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। कोतवाली लाकर पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपित ने अपना नाम जमाल निवासी ग्राम रतनपुर थाना बहादराबाद व फरार हुए अपने साथी का नाम तौसीफ निवासी बोड़ाहेड़ी बहादराबाद बताया। उसके पास मिले ट्रैक्टर को उसने सीधडू गांव से चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने लक्सर और पथरी थाना क्षेत्र से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई तीन ट्रालियां बरामद की। पूछताछ के बाद आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। जबकि, उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट, भिक्कमपुर चौकी प्रभारी मनोज ममगाइं, एसआइ सुधांशु कौशिक, कांस्टेबल दीपक ममगाईं, अनिल, प्रभाकर थपलियाल, मोहन खोलिया, अशोक शामिल रहे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button