विद्यालयों में “स्वच्छता संकल्प एवं समापन दिवस” आयोजित
शनिवार को विद्यालयों में "स्वच्छता संकल्प एवं समापन दिवस" आयोजित किया गया।

देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को विद्यालयों में “स्वच्छता संकल्प एवं समापन दिवस” आयोजित किया गया।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशनानुसार समस्त मुख्य सफाई निरीक्षक एवं सफाई निरीक्षक ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में अभियान का संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अभियान के सफल समापन में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर विद्यालयों में स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वयं, अपने विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों से “स्वच्छ भारत मिशन (शहरी)” के उद्देश्यों की पूर्ति में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।
नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” के माध्यम से सप्ताहभर विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाना तथा उन्हें स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून के निर्माण में सहभागी बनाना रहा।




