मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता-2026 के 7वें संस्करण का उद्घाटन समारोह 23 जून 2026 को आयोजित

नई दिल्ली,23,06,2026
वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह डीएफसी की 107वीं जयंती के उपलक्ष्य में वायु सेना खेल नियंत्रण बोर्ड की ओर से वायु सेना स्टेशन जालहल्ली में 23 जून से 3 जुलाई 2026 तक मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट-2026 का 7वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 23 जून 2026 को एयर फोर्स स्टेशन जालहल्ली के हॉकी मैदान में आयोजित किया गया। एयर मार्शल एस. शिवकुमार, वीएसएम, एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन (एओए) इस समारोह में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना की दक्षिणी कमान, बेंगलुरु की टीमों के बीच खेला गया। भारतीय वायु सेना ने यह मैच 2-0 से जीत लिया। अग्निवीर विनायक संतोष हांडे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि ने मैन ऑफ द मैच घोषित खिलाड़ी को 25,000 रुपये का चेक प्रदान किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कहा, “हमें एक बार फिर मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन से बेहद प्रसन्नता हो रही है जो देश का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। यह प्रतियोगिता देश की सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीमों को एक मंच प्रदान करेगी। भारतीय वायु सेना प्रतियोगिता के सुचारू रूप से आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।”
यह हॉकी प्रतियोगिता वायुसेना के दिग्गज मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए किया गया उपयुक्त आयोजन है और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने का सराहनीय तरीका है।




