उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेहरादून/मसूरीन्यूज़

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में सुधार हेतु महिला समूह का गठन

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन प्रणाली का निरीक्षण किया गया। आज सुबह नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन तथा वार्ड संख्या 7 के सभासद अमित भट्ट ने जफर हॉल क्षेत्र का दौरा कर लॉर्ड शिवा संस्थान द्वारा संचालित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष मीरा सकलानी ने क्षेत्र के परिवारों से बातचीत कर कूड़ा संग्रहण की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। वार्ता के दौरान कुछ कमियां सामने आईं, जिनमें मुख्य रूप से घरों में कूड़े के उचित पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की कमी पाई गई। कई स्थानों पर गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था, जिससे कूड़ा प्रबंधन प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका परिषद ने मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत छह महिलाओं का एक विशेष समूह गठित किया गया है। यह समूह घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा तथा बताएगा कि गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने से स्वच्छता व्यवस्था को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता। महिला समूह के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और मसूरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button