उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशदेहरादूनन्यूज़

बिन्दाल में अनियंत्रित कूड़ा गिराने के खिलाफ नागरिकों ने मेयर को सौंपा ज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि वर्षा ऋतु में इससे भयंकर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

देहरादून, 6 जून। शहर के बिन्दाल क्षेत्र में नगर निगम व लोगों द्वारा अवैध रूप से कूड़ा फेंके जाने एवं नदी पर अतिक्रमण के गंभीर मामले को लेकर ‘बस्ती बचाओ आन्दोलन’ के प्रतिनिधियों ने नगर निगम मेयर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बिन्दाल नदी (रिस्पना) के किनारे बनाए गए अनियंत्रित कूड़े के ढेर, वायु एवं जल प्रदूषण तथा मलिन बस्तियों की दयनीय स्थिति पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में वार्ड संख्या 75 (लोहियानगर), 74 (ब्रह्मपुरी), 43 (दोणपुरी), गांधीग्राम, शिवाजी मार्ग, गोबिन्दगढ़, यमुना कालोनी, चुक्खुवाला, इन्दिरा कालोनी, 72 (देहराखास) और आसपास के क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। प्रतिनिधियों के अनुसार, लंबे समय से बिन्दाल को अनौपचारिक लैंडफिल बना दिया गया है, जहाँ प्रतिदिन बड़े पैमाने पर कचरा गिराया जा रहा है।
प्रतिनिधि विप्लव अनन्त और युसुफ खान ने बताया की “आसपास की बस्तियाँ प्रदूषित धुएँ, दुर्गंध और डेंगू, मलेरिया, दमा, त्वचा रोगों से ग्रसित हैं। बावजूद इसके, निगम के कुछ अधीनस्थ कर्मचारी और प्रभावशाली लोग मिलीभगत से यहाँ अवैध कूड़ा डालवा रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, नालों की सफाई व सामुदायिक शौचालयों का रख रखाव नहीं होने से मलिन बस्तियों में अमानवीय स्थिति है।
ज्ञापन में कहा गया कि निकटवर्ती नदी (बिन्दाल नाला / रिस्पना) की कोई नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। कूड़े के जमाव और गाद के कारण नदी का तल खतरनाक रूप से ऊपर बढ़ गया है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि वर्षा ऋतु में इससे भयंकर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रतिनिधियों ने मेयर से माँग की कि बिन्दाल में कूड़ा डम्पिंग और जलाने पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। सभी वार्डों में वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सेग्रीगेशन, रिसाइक्लिंग, कम्पोस्टिंग) लागू किया जाए। नदी की तलहटी की सफाई एवं गाद निकासी का त्वरित अभियान चलाया जाए। मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान, नियमित सफाई कर्मी, मोबाइल टॉयलेट और कूड़ा उठान वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में अनन्त आकाश, युसुफ खान, विप्लव अनन्त, भगवन्त पयाल, अभिषेक, नितिन, हिमांशु आदि शामिल थे।

Related Articles

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5581