जिलाधिकारी ने किया यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
श्रद्धालुओं से संवाद कर लिया फीडबैक, मूलभूत सुविधाओं की करी समीक्षा

रुद्रप्रयाग, 08 मई। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर देर रात्रि विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर एवं श्रद्धालुओं हेतु उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं से सीधे संवाद स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य सुविधाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, दर्शन लाइन, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रा अवधि के दौरान प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा श्री केदारनाथ धाम में निर्मित अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया। अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों एवं दवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य लाभ ले रहे श्रद्धालुओं से वार्ता कर उनका हालचाल जाना तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुखद अनुभव बन सके।




