उत्तराखंड समाचार

कांग्रेस ने गैस सिलिंडर को माला पहनाकर किया विरोध प्रदर्शन

रानीपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राजबीर सिंह के कार्यालय से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया

हरिद्वार: बेतहाशा बढ़ती महंगाई और भाजपा सरकार पर आमजन विरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के लगातार बढ़ रहे मूल्यों के खिलाफ महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के तत्वाधान में गैस सिलिंडर को माला पहनाकर धरना दिया गया।

रानीपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राजबीर सिंह के कार्यालय से जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया। वहीं देवपुरा नगर निगम चौक पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष और हरिद्वार विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सतपाल ब्रह्मचारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव डा. संजय पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने वादा किया था कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो हम 500 का गैस सिलिंडर देंगे। जबकि, भाजपा सरकार ने आते ही गैस के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 10 दिन से पेट्रोल-डीजल पर 80 पैसे प्रतिदिन बढ़ाकर गरीब और आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने भी केंद्र सरकार पर जनता के साथ छल करने का आरोप लगाया। प्रदेश सचिव अनिल भास्कर व सपना सिंह ने आरोप लगाया कि बढ़ती मंहगाई के कारण आज गरीब को एक समय का खाना नसीब नहीं हो रहा। कनखल ब्लाक अध्यक्ष शुभम अग्रवाल और सचिव प्रदीप चौधरी ने अपने कार्यालय के बाहर गैस सिलिंडर को माला पहनाकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। अंबरीश कुमार विचार मंच के राष्ट्रीय संयोजक मुरली मनोहर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकत्र्ता महंगाई और केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। इस दौरान बिजली विभाग यूनियन नेता अशोक टंडन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बलजीत सिंह, नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष मुकुल जोशी आदि मौजूद थे।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button