उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरेंदेशदेहरादून

कुंभ मेले की तैयारियां तेज : अपर मेलाधिकारी ने स्वर्गाश्रम क्षेत्र के 16 घाटों का किया निरीक्षण

हरिद्वार, 09 मार्च। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत मेला क्षेत्र के घाटों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशन में मेला प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानन्द सरस्वती ने अभियंताओं की टीम के साथ स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। पौड़ी जनपद में अवस्थित स्वर्गाश्रम क्षेत्र के वेद निकेतन घाट, गंगा दर्शन घाट, लक्ष्मी नारायण घाट, साधु समाज घाट, वानप्रस्थ घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट सहित कुल 16 घाटों का मेला प्रशासन की टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान इन घाटों की मरम्मत एवं सुधार की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों की मरम्मत एवं सुधार के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा घाटों की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पर्याप्त रेलिंग लगाने तथा जलधारा के समीप चेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित रह सकें।
अपर मेलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि घाटों से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान अधिक भीड़ के मद्देनज़र किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे, इसके लिए सभी सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि घाटों के आसपास प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा मार्गों की सुगमता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता एस.के. तोमर, सिंचाई खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता जिले सिंह सहित मेला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (1) in /home/u661627757/domains/apniavaj.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 5464