उत्तराखंडउत्तराखंड समाचारखबर हटकरताज़ा ख़बरें

जनपद में चलाया जाएगा एक माह का वृहद स्वच्छता अभियान : जिलाधिकारी

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में आज से 26 फरवरी तक जनपद में एक माह का वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वच्छता को दैनिक आदत बनाना है ताकि अभियान के बाद भी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

अभियान के तहत ग्रामीण बाजारों, छोटी बसावटों, प्रमुख हाट-बाजारों, पर्यटक स्थलों, सड़क किनारे क्षेत्रों और कूड़ा संग्रहण स्थलों पर विशेष फोकस रहेगा। सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। सभी विभाग प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बीडीओ करेंगे, जबकि नगरीय क्षेत्रों में ट्रेंचिंग, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क किनारे कूड़ा डंपिंग रोकने, फॉगिंग और वार्ड स्तर पर सामूहिक स्वच्छता कार्य होंगे। जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। सभी ब्लॉकों में बल्क वेस्ट व बाजार क्षेत्रों को चिन्हित कर कूड़ा गाड़ी का रोस्टर बनेगा और कूड़ा संग्रहण स्थलों का निर्धारण किया जाएगा। बाजारों की सूची बनाकर क्षेत्रवार स्वच्छता योजना, पर्यावरण मित्रों की तैनाती, कूड़े का पृथक्करण व वैज्ञानिक निस्तारण किया जाएगा। जहां कॉम्पैक्टर पर कर्मचारी नहीं हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति होगी। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नैनीडांडा, पौड़ी और यमकेश्वर में पायलट रूप से इंसीनरेटर लगाए जाएंगे। बीडीओ, एडीओ पंचायत और जिला पंचायत के समन्वय से अभियान चलेगा। नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि 26 फरवरी के बाद भी प्रभावी रहें।

26 फरवरी को उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button